Weather Update: राजस्थान में बारिश के साथ ओलावृष्टि, किसानों की फसले हुई खराब, आज भी जारी रहेगा बारिश का दौर

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रही बारिश किसानों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। हालांकि प्रदेश में लोगों को गर्मी से राहत मिली हैं, लेकिन ये राहत किसानों के लिए आफत बन गई है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। सीकर, अलवर और कोटपूतली-बहरोड़ में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि दर्ज की गई, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई। लगातार दूसरे दिन रुक-रुककर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. वहीं, कई इलाकों में फसलों को नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।

कई जिलों में हुई बारिश
गुरूवार रात से ही प्रदेश के कई जिलों में बारिश देखने को मिल रही है। जयपुर में भी देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर आज सुबह तक चलता रहा। दौसा जिले में बीती रात मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की गई। इस बेमौसम बरसात के कारण तापमान में गिरावट आई है और लोगों को एक बार फिर से सर्दी का अहसास होने लगा है। करौली क्षेत्र में भी मौसम बारिश देखने को मिली है। 

आज भी अलर्ट जारी
प्रदेश के नागौर, अजमेर, जयपुर, सीकर, टोंक, झुंझुनूं, अलवर, दौसा, भरतपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में आज भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। वहीं 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के आसार हैं। बाड़मेर, जैसलमेर, जालोर, पाली, जोधपुर, बीकानेर, चूरू, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, कोटा, बारां, बूंदी, झालावाड़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद आदि जिलों में हल्की बारिश और मेघगर्जन की संभावना है।

pc- khabargaon.com