Avimukteshwaranandah: अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण का आरोप लगाने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी का खुलासा, रामचंद्र दास के दबाव में कराई थी FIR

इंटरनेट डेस्क। शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर लगे यौन शोषण के मामले में आशुतोष ब्रह्मचारी ने बड़ा यूटर्न ले लिया है। इस मामले में आशुतोष ब्रह्मचारी ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने अपने ही गुरु भाई रामचंद्र दास पर गंभीर आरोप लगाते हुए एक बड़ा कबूलनामा किया है। आशुतोष ब्रह्मचारी का दावा है कि उन्होंने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ जो भी फर्जी मुकदमे दर्ज कराए थे, वह रामचंद्र दास के भारी दबाव और षड्यंत्र के तहत किए थे। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने मथुरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक शिकायती पत्र भी भेजा है और कार्रवाई की मांग की है।

मुझे दबाव में लिया गया
आशुतोष ब्रह्मचारी ने सीधे तौर पर रामचंद्र दास को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि रामचंद्र दास हमारा ही गुरु भाई है, लेकिन यह कहते हुए भी मुझे दुर्भाग्य महसूस हो रहा है। गुरु के प्रति मेरा सम्मान आजीवन रहेगा, लेकिन इस ढोंगी ने गुरु की हत्या करने का षड्यंत्र तक रच डाला। अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती पर फर्जी मुकदमा लगवाने का जो षड्यंत्र था, उसके लिए रामचंद्र दास ने मुझ पर दबाव बनाया था और मुझे गुमराह किया था। 

लगाए ये आरोप
मीडिया रिपोटर्स की माने तो आशुतोष ब्रह्मचारी का आरोप है कि मथुरा में श्री देव बाबा जी का आश्रम है। यह आश्रम श्रवण समाज के ट्रस्ट के अधीन है। उसको हड़पने के लिए रामचंद्र दास ने एक फर्जी वसीयत तैयार की और सिविल सूट दाखिल कर आश्रम पर कब्जा कर लिया। उन्होंने बताया कि इस फर्जीवाड़े के खिलाफ और वसीयत बनाने वाले व्यक्ति ने खुद शिकायत की है। आशुतोष ब्रह्मचारी ने ऐलान किया है कि अगर पुलिस इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट दर्ज नहीं करती है, तो वह न्याय के लिए माननीय न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे। वायरल वीडियो में खुद को पीड़ित बताते हुए आशुतोष ब्रह्मचारी ने कहा कि उनका मानसिक उत्पीड़न किया गया और उन्हें बर्बाद करने की कोशिश की गई। उन्होंने दावा किया कि उनके पास रामचंद्र दास के खिलाफ पुख्ता सबूत हैं।

PC-news18, youtube