Monsoon Session: राज्यसभा में बोले खरगे, मैं दलित हूं, इसलिए हल्द्वानी में रैली वाले स्टेज का किया गया शुद्धिकरण...नड्डा ने जताया खेद
- byShiv
- 13 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क ।आज संसद के मानसून सत्र का आखिरी दिन है, संसद में आज उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के स्टेज के शुद्धिकरण को लेकर संग्राम दिखा। राज्यसभा में गुरुवार को मल्लिकार्जुन खरगे ने स्टेज शुद्धिकरण का मुद्दा उठाया, उन्होंने संसद में अपना दर्द बयां किया, उन्होंने कहा कि वह दलित हैं,इसलिए हल्द्वानी में उनकी रैली वाले स्टेज का शुद्धिकरण किया गया। उन्होंने इसका आरोप भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया।
भाजपा ने जताया खेद
मीडिया रिपोटर्स की माने तो खरगे के बयान के बाद इस पर जेपी नड्डा ने खेद जताया और कहा कि भाजपा इसकी जांच कराएगी। हालांकि, भाजपा पर खरगे के आरोपों को उन्होंने खारिज किया। दरअसल, गुरुवार की सुबह 11 बजे जैसे ही राज्यसभा की कार्यवाही शुरू हुई, मल्लिकार्जुन खरगे ने सबसे पहले स्टेज शुद्धिकरण का मसला उठाया। राज्यसभा की कार्यवाही के दौरान मल्लिकार्जुन ने कहा कि मैं अपने दलित होने का मुद्दा नहीं बनाता, शुद्धिकरण करके मेरा अपमान किया गया, मैं बरसों से इस सदन में हूं, लेकिन आप छुआछूत बरतते हैं और मेरा अपमान करते हैं।
खरगे का राज्यसभा में छलका शुद्धिकरण वाला दर्द
खरगे ने राज्यसभा में कहा, ‘बड़े दुःख के साथ कहना पड़ता है मैं हल्द्वानी में पब्लिक स्पीच में रामलीला मैदान में भाषण दिया। लाखों लोग वहां पर थे, उस वक्त मैंने किसी समाज का, किसी धर्म का नाम नहीं लिया, केवल मैंने लोगों के समस्याओं को वहां पर बताया मगर मेरी स्पीच के बाद कल उन लोगों ने हवन करके उस स्टेज का शुद्धिकरण किया। खरगे के इतना कहने के बाद राज्यसभा में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा अपनी सीट से उठे, उन्होंने खरगे के बयान पर सरकार का पक्ष रखा और कहा कि हम इस कृत्य की भत्सर्ना करते है और इसकी जांच करवाई जाएगी।
pc- india tv news






