Rajasthan: मुख्यमंत्री भजनलाल ने पेपरलीक मामले में साधा निशाना, कहा- हमारी सरकार ने दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर से पेपरलीक मामले में निशाना साधा है। उन्होंने कहा पेपरलीक ने युवाओं के सपनों को तोड़ा, लेकिन हमारी सरकार ने इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा है। हमारे कार्यकाल में बिना पेपरलीक के 350 से अधिक परीक्षाएं आयोजित हुई हैं। ये बात मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सीएम निवास पर युवाओं से संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही है। 

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने पहले दिन से ही युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए निर्णायक कदम उठाए हैं। 4 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने एवं 6 लाख युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। इसी क्रम में 1 लाख 25 हजार से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां प्रदान की गई हैं, 1 लाख 35 हजार से अधिक पदों पर भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं एवं इस वर्ष 1 लाख 25 हजार पदों का भर्ती कैलेण्डर भी जारी किया गया है।

मीडिया रिपोटर्स की माने तो सीएम ने कहा कि प्रदेश में ग्राम स्तर पर युवाओं के लिए अटल ज्ञान केन्द्रों को विकसित किया जा रहा है, जिसके माध्यम से युवा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि करीब 4 लाख युवाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

pc- mttvindia.com