Rajasthan: बांदीकुई में हुई मॉब लिंचिंग की घटना पर पूर्व सीएम गहलोत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना
- byShiv
- 30 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। दौसा के बांदीकुई में चोरी के शक में एक युवक मॉब लिंचिंग का शिकार हो गया और उसमें दिनेश कुमार मीणा की जान चली गई। इस मामले में प्रदेश के पूर्व मख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांदीकुई में हुई इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। गहलोत ने एक्स के माध्यम से कहा कि बांदीकुई में बाइक चुराने के शक में युवक दिनेश कुमार मीणा की मॉब लिंचिंग होना तथा अजमेर में पेड़ से बांधकर बेरहमी से एक युवक की पिटाई करना प्रदेश में बढ़ती अराजकता एवं जंगलराज का गंभीर उदाहरण है।
मीडिया रिपोटर्स की माने तो गहलोत ने कहा कि लोग कानून अपने हाथ में लेकर किसी की जान ले लें, तो इसे कानून का राज नहीं कहा जा सकता। साफ है कि आज राजस्थान अराजकता का शिकार हो चुका है। उस मां पर क्या बीत रही होगी, जिसका बेटा इस तरह उसकी आंखों के सामने ही मार दिया गया? इस पूरी घटना के दौरान पुलिस कहां थी, यह भी एक बड़ा प्रश्न है।
गहलोत ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की भांति अब पुनः प्रदेश में मॉब लिंचिंग की घटनाएं होने लगी हैं। यह गृह विभाग और पुलिस की असफलता को दिखाता है। यदि ऐसी घटनाएं होती रहीं, तो भाजपा का सत्ता में रहने का क्या नैतिक अधिकार रह जाएगा?
pc- ndtv






