Rajasthan: विधानसभा में गाय के मुद्दे पर जमकर हंगामा, विधायकों के बीच आई हाथापाई की नौबत

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान विधानसभा में आज गाय को राज्य माता का दर्जा देने के मुद्दे पर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। इतना ही नहीं  विधानसभा के गलियारों में विधायकों के बीच हाथापाई की नौबत आ गई। हंगामे की शुरुआत हुई विधायक बालमुकुंदाचार्य के उस सवाल से, जिसमें उन्होंने गाय को राज्य माता का दर्जा देने की मांग की।

खबरों की माने तो मंत्री जोराराम कुमावत ने जैसे ही कहा कि ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है। इसके बाद विपक्ष हमलावर हो गया। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने हिंगोनिया गौशाला का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि राजधानी में बछड़े का कटा सिर लटकाया गया और सत्ता पक्ष का एक विधायक आरोपी को बचा रहा है। देखते ही देखते कांग्रेस विधायकों ने सदन में गाय के कटे सिर के पोस्टर लहराने शुरू कर दिए।

जानकारी के अनुसार आरोप सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा की तरफ लगने लगे तो वे आगबबूला हो गए। शर्मा ने सदन में कहा, अगर इसमें मेरा कोई आदमी शामिल निकला तो मैं विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दूंगा। हंगामा इतना बढ़ा कि स्पीकर वासुदेव देवनानी ने इसे प्री-प्लान्ड साजिश करार दिया। असली सनसनी तो सदन स्थगित होने के बाद फैली, गोपाल शर्मा सदन की मर्यादा भूलकर सीधे विपक्ष की बेंचों की तरफ जा पहुंचे। वहां उनकी पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और अशोक चांदना से तीखी बहस शुरू हो गई। बात इतनी बिगड़ गई कि दोनों तरफ से हाथ चलने ही वाले थे कि तभी संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और अन्य विधायकों ने बीच-बचाव किया।

pc- bhaskar