Rajasthan: जयपुर नगर निगम के वोटों की गिनती का बदला गया सेंटर, इस बार राजस्थान कॉलेज की जगह यहां होगी काउंटिंग
- byShiv
- 24 Aug, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में निकाय चुनावों की घोषणा हो चुकी है। जयपुर नगर निगम के लिए भी 11 सितंबर को वोटिंग होगी और 14 सितंबर को परिणाम आएंगे। ऐसे में एक बड़ी खबर यह हैं की वोटों की गिनती के लिए इस बार जगह बदल दी गई है। जयपुर नगर निगम का काउंटिंग सेंटर इस बार बदल दिया गया है, पारंपरिक रूप से जेएलएन मार्ग स्थित राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज परिसर में होने वाली वोट काउंटिंग अब सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर में करवाई जाएगी।
भवानी निकेतन में होगी गिनती
नगर निगम के 150 वार्डों में वोटिंग 11 सितंबर को होगी और पोलिंग पार्टियां 10 सितंबर को भवानी निकेतन से रवाना की जाएंगी। जयपुर जिले की अन्य नगरपालिकाओं व नगर परिषदों की वोटिंग के लिए भी पोलिंग पार्टियां यहीं से रवाना की जाएंगी। वोटिंग के बाद शाम को सभी मतदान केंद्रों से मतपेटियां फार्मेसी कॉलेज, भवानी निकेतन परिसर में लाकर रखी जाएंगी।
गणेश चतुर्थी के कारण लिया गया फैसला
मीडिया रिपोटर्स की माने तो बदलाव का कारण गणेश चतुर्थी के दौरान जेएलएन मार्ग पर लगने वाला बड़ा मेला और जनसैलाब बताया गया है। गणेश चतुर्थी पर मोतीडूंगरी के मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी अधिक होती है कि गांधी सर्किल से त्रिमूर्ति सर्किल तक ट्रैफिक डायवर्जन करना पड़ता है। अगर 14 सितंबर को नगर निगम के 150 वार्डों की गिनती कॉमर्स और राजस्थान कॉलेज में हुई तो ट्रैफिक को बजाज नगर मोड़ तक बंद करना पड़ता और साथ ही प्रत्याशियों व समर्थकों की भीड़ भी बड़ी चुनौती बन जाती। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखकर काउंटिंग भवानी निकेतन परिसर में कराने का निर्णय लिया गया।
pc- hindustan






