Weather Update: राजस्थान में शुरू हुआ गुलाबी सर्दी का दौर, सभी जिलों में मौसम रहेगा साफ

इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में अब सर्दी अपनी रंगत दिखाने लगी हैं, ग्रामीण इलाकों में गुलाबी सर्दी का दौर शुरू हो चुका है। मानसून की विदाई के बाद अब पूरे प्रदेश में बारिश की गतिविधियों पर ब्रेक लग गया है। 21 अक्टूबर को राज्य के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो किसी भी जिले में भारी बारिश या तीव्र आंधी-तूफान की संभावना नहीं है, दिन के तापमान में जहां हल्की बढ़ोतरी या स्थिरता रहेगी, वहीं रात के न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जाएगी, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से राज्य में रात के समय ठंडक का एहसास अब बढ़ने लगेगा।

राजधानी जयपुर में दिन में धूप और रात में बढ़ेगी ठंडक
राजधानी जयपुर में दिन के समय आसमान साफ रहेगा और हल्की धूप खिली रहेगी, अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि रात के समय हवाओं में नमी और ठंडक से न्यूनतम तापमान 20 डिग्री तक आ सकता है। 

पश्चिमी राजस्थान में मौसम रहेगा साफ
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर, बीकानेर, बाड़मेर और फलोदी जिलों में भी 21 अक्टूबर को मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि इससे पहले जैसलमेर क्षेत्र में हल्की मेघगर्जन और तेज हवाओं की गतिविधियां दर्ज की गई थीं, लेकिन अब वहां भी मौसम सामान्य हो रहा है। जोधपुर और बीकानेर संभाग में दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है जिससे दोपहर के वक्त हल्की गर्मी का एहसास होगा, लेकिन रेतीले धरातल के कारण रात के समय तापमान तेजी से गिरेगा।

pc- parbhat khabar