Weather Update: रास्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी, आज कुछ जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट, तापमान पहुंचा 46 डिग्री पार
- byShiv
- 22 May, 2026
इंटरनेट डेस्क। राजस्थान में गर्मी ने लोगों की स्थिति खराब कर रखी है। लोगों का इस समय घर से निकलना भी मुश्किल हो रहा है। हालात यह हैं की दिन की तेज धूप और उसके साथ हीट वेव ने प्रदेश की धरती को भट्टी की तरह तपा रखा है। हालांकि आज प्रदेश के कुछ जिलों के लिए राहत की खबर आने वाली है। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार, गुरुवार से सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज शुक्रवार और कल शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। दोपहर के बाद राज्य के कई जिलों में धूल भरी आंधी चलने और मेघगर्जन के साथ बारिश होने की प्रबल संभावना है।
इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव को देखते हुए प्रदेश को अलग-अलग अलर्ट जोन में बांटा है। झुंझुनूं, चूरू, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिलों में आज भीषण लू के साथ-साथ दोपहर बाद मेघगर्जन और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने व बारिश होने की संभावना है। वहीं अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपूतली-बहरोड़, बीकानेर और फलोदी जिलों में शुक्रवार को तीव्र लू प्रकोप जारी रहेगा।
तापमान बढ़ रहा
पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न जिलों में तापमान दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर 46.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, आज और कल चलने वाली 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की धूलभरी हवाओं के कारण कुछ क्षेत्रों में दिन के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, यह राहत बेहद अस्थायी है। 24 मई से पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह खत्म हो जाएगा। इसके बाद तापमान में एक बार फिर 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की भारी बढ़ोतरी होगी, जिससे कई जिलों में तीव्र हीटवेव की स्थिति बनेगी। भीषण गर्मी के इस टॉर्चर के बीच आईएमडी ने एक बहुत अच्छी खबर भी दी है। प्रदेश में 4 जून से प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत होने के संकेत मिले हैं।
pc- www.gnttv.com






