Mahua Moitra: हाईकोर्ट ने कहा, सांसद पर अंडे फेंके जा सकते हैं तो दूसरे लोगों की सुरक्षा क्या, 30 दिनों के लिए 2 पुलिसकर्मी तैनात
- byShiv
- 02 Sep, 2026
इंटरनेट डेस्क। कलकत्ता हाईकोर्ट ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा की सुरक्षा के लिए 2 पुलिसकर्मी तैनात करने का आदेश जारी किया है। ये जवान अगले 30 दिन तक उनके कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र के दौरों में साथ रहेंगे। जस्टिस सौगत भट्टाचार्य की बेंच ने कहा कि भीड़ द्वारा परेशान किए जाने के आरोपों को देखते हुए सांसद को सुरक्षा देना जरूरी है। 30 दिन बाद राज्य सरकार रिपोर्ट देगी। मामले की अगली सुनवाई 1 अक्टूबर को होगी।
क्या कहा था महुआ के वकील ने
मीडिया रिपोटर्स की माने तो महुआ के वकील कल्याण बंदोपाध्याय ने कहा कि वे अपने क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से नहीं जा पा रही हैं और सांसद के तौर पर काम करने में भी परेशानी हो रही है। महुआ के वकील बंदोपाध्याय ने कहा कि 1 जुलाई को कालीगंज में भीड़ ने महुआ पर अंडे, आलू, टमाटर और पत्थर फेंके। उनका आरोप है कि पुलिस को पहले से जानकारी थी, फिर भी समय पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं बार-बार होंगी तो महुआ सांसद के तौर पर काम कैसे करेंगी। उन्होंने कहा कि सांसद का अपने क्षेत्र में जाना जरूरी है।
कोर्ट ने क्या कहा
कोर्ट ने पूछा कि अगर सांसद के साथ ऐसी घटना हो सकती है, तो दूसरे राजनीतिक लोगों की सुरक्षा का क्या होगा। वकील ने कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और कानून से नीचे भी कोई नहीं है। उन्होंने कहा कि महुआ को अपने क्षेत्र में स्वतंत्र रूप से जाने के लिए सुरक्षा जरूरी है। अगर महिला सांसद के साथ ऐसा हो रहा है, तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
pc- jansatta




