Rajasthan Politics: राजे को क्यों नहीं मिली दिल्ली चुनावों के लिए स्टार प्रचारकों की लिस्ट में जगह? इन नेताओं का इसलिए लगा नंबर

इंटरनेट डेस्क। दिल्ली में विधानसभा चुनाव 5 फरवरी को होने जा रहे हैं और इसके लिए चुनाव प्रचार प्रसार ने जोर पकड़ लिया है। इस बीच भाजपा ने अपने 40 स्टार प्रचारकों कीे लिस्ट भी जारी कर दी है। इस लिस्ट में कई बड़े नेताओं के नाम भी हैं और राजस्थान से भी तीन नेताओं को स्टार प्रचारक बनाया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा और पार्टी की राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर को लिस्ट में जगह मिली है। लेकिन पूर्व सीएम वसुंधरा राजे इस सूची में नहीं हैं। ऐसे में अब ये नई चर्चा शुरू हो चुकी है।

वसुंधरा राजे को नहीं मिला मौका
दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी की स्टार प्रचारकों की सूची से राजस्थान की दो बार पूर्व मुख्यमंत्री रहीं वसुंधरा राजे को जगह नहीं मिली है। इससे पहले 12 जनवरी को राजे लंबे समय बाद सक्रिय नजर आईं थी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हो रही थी। इस दौरान सीएम भजनलाल शर्मा और बीजेपी नेताओं के साथ राजे की मुस्कुराते हुए तस्वीर सामने आई थीं। इससे पहले राजे के दिल्ली दौरे को लेकर भी हलचल तेज थी। लेकिन अब उनका स्टार प्रचारकों की लिस्ट में नाम नहीं आना सबको चौंका रहा है। 

इन्हीं तीन नेताओं को मिला स्थान
बता दें कि राजस्थान से जिनको स्टार प्रचारकों में जगह मिली हैं उनमें सीएम भजनलाल शर्मा को मुख्यमंत्री होने के नाते स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया गया है। डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा को दिल्ली में अनुसूचित जाति और जनजाति क्षेत्र के वोट साधने के लिए स्टार प्रचारक बनाया गया है। अलका गुर्जर  को गुर्जर समाज के वोट साधने के लिए  लिस्ट  में शामिल किया गया है।

pc- businesstoday.in, bhaskar,abp news